हालिया विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस पूरी ताकत के साथ 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस को डर है कि कहीं लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस कमजोर न पड़ जाए। इसी बीच टाइम्स नाओ ईटीजी द्वारा जारी किया गया सर्वे कांग्रेस के लिए बुरी खबर लेकर आया है। इस सर्वे ने अनुमान लगाया है कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस मध्यप्रदेश में केवल एक ही सीट जीत पाएगी।
सर्वे में बताया गया कि यदि आज मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव होते हैं, तो 29 में से 28 सीट भाजपा के खाते में जा सकती है। वहीं कांग्रेस को 1 ही सीट मिलती दिखाई दे रही है। वोट शेयर की बात की जाए, तो भाजपा को 58 प्रतिशत तो कांग्रेस को 37 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में भाजपा मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले लोकसभा चुनावों में क्लीन स्वीप भी कर सकती है।
गौरतलब है कि भाजपा ने विधानसभा चुनावों में मध्यप्रदेश रिकॉर्ड बहुमत से फतह किया है। बीजेपी के इतने बड़े मार्जिन से जीतने की उम्मीद किसी ने भी नहीं की थी। इसी के साथ राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा सरकार में वापस आई है। इन तीनों हिन्दी भाषी राज्यों में जीत दर्ज करने से भाजपा का कॉन्फ़िडेन्स बढ़ा है।
वहीं कांग्रेस की बात की जाए तो पार्टी ने अपनी टीम में बाद बदलाव किया है। वरिष्ठ नेता कमलनाथ को हटाकर युवा जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया है। पटवारी के साथ उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उपनेता बनाया गया है। पटवारी काफी ऐक्टिव होकर प्रदेशभर में भाषणबाज़ी और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न मंचों से भाजपा के संकल्प पत्र पर निशाना भी साधा है। अब देखना ये होगा कि इन सब बातों का कितना असर आगामी लोकसभा चुनावों पर पड़ता है।