2024 के लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा व साथी दलों के संगठन NDA के सामने विपक्ष का I.N.D.I.A. गठबंधन है। दोनों पार्टियां ज़ोरों-शोरों से तैयारियों में जुटी हुई है। इसी बीच ज़ी न्यूज और MATRIZE द्वारा हाल ही में जारी किया गया ओपिनियन पोल चर्चाओं में आ गया है। इस पोल ने देशभर की सभी लोकसभा सीटों पर पार्टियों की संभावित स्थिति के बारे में जानकारी दी है। मध्यप्रदेश को लेकर इस पोल ने क्या कहा, आइए इस रिपोर्ट में जानते हैं…
पोल के अनुसार प्रदेश में भाजपा बढ़त बनाती नजर आ रही है। हालांकि, जारी किए गए आँकड़े पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों से मेल खाते हैं। क्योंकि, इस बार भी भाजपा को 28 और कांग्रेस को 1 सीट मिलती दिखाई दे रही है। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस ने एक सीट पर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
वोट शेयर की बात की जाए तो भाजपा इस बार 60% के आँकड़े को पार कर सकती है। वहीं कांग्रेस 32 फीसदी वोट शेयर हासिल कर सकती है। शेष 5-7% शेयर अन्य के खाते में जा सकता है। जिस एक सीट पर कांग्रेस बढ़त बनाती दिख रही है, वह छिंदवाड़ा सीट हो सकती है। कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली यह सीट 2019 में भी कांग्रेस की झोली में गई थी। वर्तमान में कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से सांसद हैं।
पिछले दिनों कमलनाथ, नकुलनाथ व अन्य समर्थकों के बीजेपी में आने को लेकर चर्चाएं हुईं थी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। कमलनाथ कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। भाजपा के लिए कमलनाथ के गढ़ को फतह कर पाना इतना आसान नहीं होगा। खबरें ये भी हैं कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को छिंदवाड़ा सीट से टिकट दिया जाएगा। अगर ऐसा हुआ, तो भिड़ंत देखने लायक होगी।
बता दें कि आज दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय समिति की बड़ी बैठक है, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर मोहर लग सकती है। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन ने 29 सीटों पर 3-4 नामों का पैनल तैयार कर दिल्ली भेजा है। भाजपा ने ये ऐलान भी किया है कि पार्टी प्रदेश की 33% सीटों पर महिला उम्मेदवारों को टिकट देगी।