Indore के लालबाग में 11और 12 जनवरी को होगा विराट ‘नार्मदीय ब्राह्मण समागम
सम्मेलन में पारित होगा ‘मां नर्मदा के संरक्षण का संकल्प
11 जनवरी को मां नर्मदा चौराहा पर होगा नवनिर्मित चौराहे का लोकार्पण
मां नर्मदा की भव्य आठ फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण
12 जनवरी को निकलेगी मां नर्मदा की भव्य संदेश यात्रा
– देश-विदेश में रहने वाले 10 हजार से ज्यादा समाज-जन होंगे शामिल, संस्कृति और प्रगति का होगा अनूठा संगम
इंदौर। शहर के लालबाग परिसर (नर्मदा परिसर) में 11 और 12 जनवरी को नार्मदीय ब्राह्मण समाज का नार्मदीय ब्राह्मण समागम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश में पहली बार हो रहे इस भव्य नार्मदीय ब्राह्मण समागम में मां नर्मदा के संरक्षण का संकल्प पारित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक और इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम में देश और विदेश से 10 हज़ार से ज्यादा समाजजनों के जुटने का अनुमान है। इसमें उद्योग, साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकार, विधि एवं कानून विशेषज्ञों सहित बड़ी संख्या में युवा एवं महिलाएं भी शामिल होंगी। नार्मदीय समाज की संस्कृति और प्रगति के इस विराट संगम में समाज की ही भाभी जी घर पर हैं फेम शुभांगी अत्रे, बॉलीवुड एक्ट्रेस खुशबू अत्रे, बॉलीवुड सिंगर आभास एवं श्रेयस जोशी, आकाश पटवारी, अमित महोदय और नियम कानूनगो सहित कई जाने-माने अभिनेता और गायक भी शिरकत करेंगे। 11 को महिलाओं और युवाओं का सम्मेलन, विभिन्न प्रोफेशन से जुड़े समाजजनों के बीच भी होंगे,
समागम मे होंगे वैचारिक सत्र
आयोजन समिति के पदाधिकारी जे. पी. शर्मा, मुकेश शर्मा, दीपक शर्मा, देवाशीस निलोसे ने बताया कि 11 जनवरी को लालबाग पैलेस, जिसे नर्मदा परिसर नाम दिया गया है, यहां प्रात: 9 बजे से 10 बजे तक ध्वजा पूजन एवं मंगलाचरण से कार्यक्रम की शुरूआत होगी। प्रात: 10 बजे स्टॉल एवं प्रदर्शन का उद्घाटन होगा। उद्घाटन सत्र में नर्मदाष्टक, गुरूपूजन एवं मुख्य अतिथि का स्वागत उद़बोधन होगा। लालबाग परिसर में मुख्य सभागृह को भगवान परशुराम सभागृह नाम दिया गया है।
आयोजन के प्रमुख अतुल गार्गव, कपिल शर्मा, आलोक बिल्लौरे, संजय शर्मा ने बताया कि आयोजन के पहले दिन शनिवार को दोपहर 12.30 से 2.30 तक महिला सम्मेलन और दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक युवा सम्मेलन होगा। इसी परिसर में बने सभागृह क्रं. एक (पुज्य गोविंद भगवत्पाद सभागृह) में 11 जनवरी, शनिवार को दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक ज्योतिष, वास्तु एवं पुरोहित सम्मेलन तो 2.30 से 4 बजे तक व्यापार-व्यवसाय सम्मेलन होगा। सभागृह क्रं. 2 (पूज्य वैजनाथ महोदय सभागृह) में 12.30 से 2 बजे तक अधिवक्ता सम्मेलन और 2.30 से 4 बजे तक चिकित्सक सम्मेलन होगा।
————————–
आयोजन से जुड़ी महिला वीणा मंडलोई एवं जूही भार्गव ने बताया कि परिसर में ही बने सभागृह क्रं. 3 (पू.कैलाश नारायण बिल्लौरे सभागृह) में दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक सैनिक सम्मेलन और दोपहर 2.30 बजे से 4 बजे तक जनप्रतिनिधि सम्मेलन होगा। सभागृह क्रं. 4 (स्वामी विवेकानंद सभागृह) में दोपहर 12.30 से 2 बजे तक बाल संसद और दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आईटी एवं एनआरआई सम्मेलन भी होगा।
कार्यक्रम में पत्रकार सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के लिए महिला मंडलियों को भी विशेष जिम्मेदारियां दी गई है। भार्गव के मुताबिक दो दिनी इस आयोजन का समापन 12 जनवरी, रविवार को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे से फूटी कोठी चौराहा स्थित पुखराज पैलेस से मां नर्मदा संदेश यात्रा निकलेगी, जो महूनाका होते हुए आयोजन स्थल लालबाग पहुंचेगी। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक महासम्मेलन होगा।
————————–
मां नर्मदा चौराहे पर की प्रतिकृति और महेश्वर का किला होगा आकर्षण
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर के नर्मदा चौराहे का लोकार्पण 11 जनवरी को किया जाएगा। चौराहे का सौंदर्यीकरण पूरा कर लिया गया है, जिसमें मां नर्मदा की प्रतिकृति, शंख फाउंटेन और महेश्वर का किला आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। इस चौराहे पर नमां नर्मदा की 8 फीट ऊंची प्रतिकृति स्थापित होगी। इसकी चौड़ाई 8 फीट है। इस प्रतिकृति के नीचे मगर की प्रतिकृति भी होगी। मां नर्मदा की यह प्रतिकृति अष्ट धातु से बनी है, जिसे ग्वालियर के आर्टिस्ट अनुज राय ने तैयार किया है। चौराहे का निर्माण दो फेज में किया जा रहा है और इसे अलग-अलग थीम पर तैयार किया जा रहा है। एक आइलैंड पर महेश्वर का किला और दूसरे आइलैंड पर भेड़ाघाट की प्रतिकृति, शंख फाउंटेन और अन्य आकर्षक आकृतियां दिखाई देंगी। इन आकृतियों और स्ट्रक्चर को एमएस धातु से तैयार किया गया है। एक खास बात यह है कि यह पूरा स्ट्रक्चर मूवेबल है, यानी यदि भविष्य में चौराहे को स्थानांतरित करने की आवश्यकता पड़ी, तो इसे आसानी से शिफ्ट किया जा सकता है। 11 जनवरी की शाम 6 बजे यह अनावरण और लोकार्पण समारोह होगा। इसी शाम रात 8 से 11 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।